newspatnaबिहारमौसम

बारिश का इंतजार बढ़ा,बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट, जानें कब बरसेंगे बादल

बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले कई दिनों तक लगातार बारिश होने के बाद अब मौसम शुष्क हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जुलाई को राज्य के किसी भी जिले में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि दक्षिण बिहार के अधिकांश इलाकों में उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

12 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 12 जिलों के लिए आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में मेघगर्जन और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

पटना में रहेगा उमस भरा मौसम

राजधानी पटना में पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है, लेकिन तेज बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश कम होने की वजह से शहर में उमस बनी रहेगी और लोगों को गर्मी का अधिक एहसास होगा।

क्यों कमजोर हुआ मानसून?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण अब मानसून ट्रफ में समाहित हो चुका है। वहीं झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के आसपास बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ गया है, जिसका बिहार पर फिलहाल ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है। इसी कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां कमजोर हो गई हैं।

बुधवार को भी बारिश रही कम

बुधवार को भी बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। केवल कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारें पड़ीं, जबकि कई जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। सुपौल राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पटना में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

1 अगस्त के बाद फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 1 अगस्त के बाद बिहार में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। अगस्त के पहले सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे किसानों को खेती में मदद मिलेगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें और आंधी-तूफान व वज्रपात के दौरान सभी जरूरी सावधानियों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button