
भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बीजेपी की अलीनगर (दरभंगा) विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि एनकाउंटर में किसी प्रकार की गलती या अनियमितता हुई है, तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि यह मामला गंभीर प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी की गलती सामने आती है, तो उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है और उन्हें उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ जल्द उचित कार्रवाई होगी।
वहीं, बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मैथिली ठाकुर ने कहा कि विपक्ष समय-समय पर अपनी राजनीतिक टिप्पणियां करता रहता है, लेकिन उनकी नजर में राज्य में कानून-व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
उन्होंने दावा किया कि अब अपराधियों में कानून का डर साफ दिखाई देता है। अपने विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव देखा है। उनके अनुसार क्षेत्र के तीनों थानों की पुलिस चौबीसों घंटे सक्रिय रहती है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी मामले में यदि पुलिस की ओर से लापरवाही या गलत कार्रवाई सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।



