
मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल प्रखंड क्षेत्र की राजेपुर नवादा पंचायत अंतर्गत पंडितपुर गांव में बिजली विभाग की लगातार उपेक्षा और जर्जर तारों की समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने पताही-मोतिहारी मुख्य मार्ग को सेपुखरवा बाजार के समीप बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अविलंब नए केबल लगाने की मांग उठाई। इस दौरान करीब दो घंटे तक व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे दैनिक यात्रियों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से बिजली के पोल और तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। आए दिन शॉर्ट सर्किट होने से न केवल विद्युत आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि जान-माल का खतरा भी बना रहता है। बीती रात करीब दस बजे गांव के सरकारी स्कूल और मंदिर के समीप पोल पर लगे पुराने तारों में अचानक भीषण शॉर्ट सर्किट के साथ आग लग गई। आग की लपटें तेजी से पास स्थित एक झोपड़ी की ओर फैलने लगी थीं। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में बिजली के तार पूरी तरह जलकर खाक हो गए।घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग से समस्या के समाधान और नए तार लगाने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता से तंग आकर अंततः लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच लटक रहे नंगे तार किसी भी दिन बड़ी त्रासदी का कारण बन सकते हैं, लेकिन अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं। सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। विभागीय स्तर पर जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदलकर नया केबल लगाने के ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।



