newspatnaबिहारमौसम

बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने वज्रपात को लेकर दी चेतावनी

बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले दो दिनों से राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत दी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 3 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता अभी बनी रहेगी, इसलिए अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कैमूर जिले के अधवारा क्षेत्र में सबसे अधिक 86.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोचस में 57.2 मिलीमीटर, रजौली में 50.2 मिलीमीटर और करगहर में 48.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पूर्व बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।

तेज हवाओं का असर भी कई जिलों में देखने को मिला। मुजफ्फरपुर में अधिकतम 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।

तापमान की बात करें तो अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में कैमूर के भभुआ में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि रोहतास के डेहरी में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 3 जुलाई को भी न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश से अधिकांश जिलों में मौसम सुहाना बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान कमजोर भवनों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें। यदि यात्रा करना जरूरी हो तो निकलने से पहले स्थानीय मौसम का अपडेट जरूर देखें।

फिलहाल मानसून पूरे जोर पर है और आने वाले दिनों में भी बिहार के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button