
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर राजधानी के लोगों को मेट्रो सेवा के विस्तारित रूट की सौगात दी। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के साथ मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया।
इस दौरान मंत्री नीतीश मिश्रा, जदयू नेता संजय सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मेट्रो यात्रा में शामिल रहे। सफर के दौरान सभी नेताओं के बीच हल्की-फुल्की बातचीत और हंसी-मजाक का माहौल देखने को मिला, जबकि मेट्रो अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों को परियोजना से जुड़ी अहम जानकारियां भी दीं।
मेट्रो सेवा के विस्तार के साथ अब यात्रियों को न्यू ISBT से मलाही पकड़ी तक सफर की सुविधा मिल गई है। इस कॉरिडोर में न्यू ISBT, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी कुल पांच स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, खेमनीचक स्टेशन का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में मेट्रो फिलहाल इस स्टेशन से केवल गुजरेगी, लेकिन यहां यात्रियों के लिए नहीं रुकेगी। निर्माण पूरा होने के बाद इस स्टेशन को भी संचालन के लिए खोल दिया जाएगा।
नई सेवा के तहत न्यू ISBT से मलाही पकड़ी तक अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है, जबकि भूतनाथ स्टेशन तक यात्रा के लिए 15 रुपये का किराया देना होगा। फिलहाल मेट्रो का संचालन सिंगल ट्रैक पर किया जा रहा है, इसलिए दोनों दिशाओं की ट्रेनों का परिचालन एक ही ट्रैक से संचालित होगा। अभी वॉकी-टॉकी आधारित संचार प्रणाली के जरिए मेट्रो का संचालन किया जा रहा है और इसकी अधिकतम रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
मलाही पकड़ी तक मेट्रो पहुंचने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, बैरिया बाइपास और आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बस स्टैंड और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा।
वहीं, मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने का कार्य भी तेजी से जारी है। इसके लिए स्लैब निर्माण का काम चल रहा है, जिससे भविष्य में राजधानी का मेट्रो नेटवर्क और अधिक विस्तृत एवं सुविधाजनक हो सकेगा।



