
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र तारापुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला गृह दौरा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने भी इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 10:30 बजे असरगंज प्रखंड के बैजलपुर हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वे सीधे काली मंदिर परिसर पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में हिस्सा लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री ढोल पहाड़ी में करीब 12.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इको-टूरिज्म परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस योजना से क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
दोपहर 1:30 बजे वे सिंचाई प्रमंडल तारापुर परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धार्मिक स्थलों पर भी जाएंगे। वे शाम 3:40 बजे शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गा स्थान में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद माहपुर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर प्रतिमाओं का दर्शन करेंगे।
सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5:05 बजे पटना के लिए रवाना होंगे।
इस पूरे दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीएम निखिल धनराज और एसपी सैयद इमरान मसूद लगातार कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी टीम तैनात की गई है।
खास बात यह है कि ढोल पहाड़ी में बनने वाली इको-टूरिज्म परियोजना को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह है। यह स्थान स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों की शरणस्थली भी रहा है, जिससे इसका ऐतिहासिक महत्व और बढ़ जाता है।



