crimenewsबिहार

एनकाउंटर में कुख्यात मिंटू यादव को लगी गोली, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नवादा जिले के रोह थाना इलाके में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, कोशी गांव स्थित एक राइस मिल के पास करीब सुबह 3 बजे पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार अपराधियों के गुजरने की सूचना पहले से पुलिस को मिली थी। जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

घायल अपराधी की पहचान मिंटू यादव के रूप में हुई है, जो जमुई जिले के लछुआड़ गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह 23 जनवरी को एक ग्रामीण डॉक्टर अशोक कुमार की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि मिंटू यादव एक अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button