
जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित बदसलूकी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद बिहार की राजनीति तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर कई सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने जमुई की घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने से बिहार की छवि प्रभावित हुई है। तेजस्वी ने कहा कि ऐसे मामलों में आरोपी की जाति या धर्म नहीं देखा जाना चाहिए और दोष साबित होने पर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने मामले में शामिल 7-8 लोगों को फांसी दिए जाने की बात कही।
तेजस्वी यादव ने बिहार में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने करीब एक महीने की अखबारों की कतरनें दिखाईं और दावा किया कि राज्य के अलग-अलग जिलों से हत्या, अपराध और लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन मामलों में पुलिस ने क्या कार्रवाई की और उसका नतीजा क्या रहा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जमुई की घटना को अकेली घटना के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने अलग-अलग जिलों में सामने आए मामलों का हवाला देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। तेजस्वी के मुताबिक, सरकार लगातार सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने का दावा करती है, जबकि दूसरी ओर अपराध से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं।
मांझी ने तेजस्वी पर साधा निशाना
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने को लेकर तेजस्वी यादव पर तंज कसा था। सोशल मीडिया पोस्ट में मांझी ने तेजस्वी को उनके कथित ‘भाइयों’ को सचेत करने की बात कही थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, “HAM बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं।”
वायरल वीडियो के बाद सामने आया मामला
जमुई में 19 सितंबर की शाम 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।



