
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को पार्टी उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता के समर्थन में विशाल रोड शो कर अपनी ताकत झोंकी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि बांकीपुर में राजद की सीधी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से है और जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर की क्षेत्र में कहीं कोई चर्चा नहीं है।मीठापुर मुख्य चुनाव कार्यालय से शुरू हुआ तेजस्वी का यह रोड शो चांदपुर बेला, सिपारा, बिरसा मुंडा पोस्टल पार्क, चिरैयाटांड़ पुल, गोसाईं टोला और मालती टोला होते हुए सब्जीबाग तक गया। भारी संख्या में उमड़े राजद समर्थकों और लंबे काफिले से उत्साहित तेजस्वी ने रेखा गुप्ता की जीत का दृढ़ दावा किया।

रोड शो पर निकलने से पूर्व मीडिया से मुखातिब होते हुए नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्षों तक इस सीट पर एक ही परिवार का कब्जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में विकास का कोई काम नहीं हुआ। अब जनता ने राजद प्रत्याशी को जिताने का मन बना लिया है।ज्ञात हो कि यह सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई है। भाजपा ने यहाँ अपने बूथ स्तरीय कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है, जबकि राजद ने रेखा गुप्ता को दूसरी बार मौका दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव (2025) में रेखा गुप्ता ने नितिन नवीन के खिलाफ 45 हजार से अधिक मत हासिल किए थे। वहीं, जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर के मैदान में उतर जाने से यह मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद रोचक हो गया है।प्रशांत किशोर लगातार यह दावा कर रहे हैं कि भाजपा इस बार बांकीपुर सीट नहीं बचा पाएगी।
इसे देखते हुए एनडीए ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। भाजपा की पूरी फौज बांकीपुर में उतार दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद यहाँ कैंप कर रहे हैं। नितिन नवीन यहाँ से चार बार विधायक रहे हैं और उनसे पहले उनके पिता नवीन किशोर भी कई बार इस इलाके से चुनाव जीत चुके हैं। सोमवार को नितिन नवीन ने भी रोड शो किया, जबकि रविवार को उन्होंने पदयात्रा कर घर-घर जाकर जनसंपर्क किया था।इससे पूर्व, रविवार को विदेश यात्रा से पटना लौटते ही तेजस्वी यादव ने आक्रामक तेवर दिखाए। आते ही उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और उनकी गिरफ्तारी के मुद्दे पर सम्राट चौधरी पर जोरदार जुबानी हमला किया।



