newsबिहारराजनीति

शत्रुघ्न सिन्हा ने बढ़ाया प्रशांत किशोर का हौसला, बयान से बढ़ी सियासी हलचल

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर के समर्थन का खुला ऐलान कर दिया है।

दरअसल, बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। यह सीट बीजेपी नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से खाली हुई थी। इस उपचुनाव में जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर मैदान में हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें दूरदर्शी सोच वाला, असाधारण क्षमता का धनी और जन-जन का नेता बताते हुए कहा कि उनके चुनाव लड़ने के फैसले ने बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि यह राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण और चर्चा का विषय बनने वाली खबर है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि खासकर युवा मतदाता जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करेंगे।

शत्रुघ्न सिन्हा के इस बयान के बाद बांकीपुर उपचुनाव की सियासी सरगर्मी और बढ़ गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि चुनावी मैदान में यह समर्थन कितना असर दिखाता है।

Related Articles

Back to top button