crimepatnaबिहारराजनीति

बांकीपुर मेरा घर, इसे भेदना आसान नहीं!” तेजस्वी और पीके पर जमकर बरसे नितिन नवीन

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर में पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में रोड शो और एक विशाल जनसभा को संबोधित कर चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस दौरान उन्होंने विरोधियों, विशेषकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लालू-तेजस्वी खेमे और जन सुराज के प्रशांत किशोर पर तीखा प्रहार किया। बांकीपुर को अपना घर और भाजपा का ‘अभेद्य किला’ बताते हुए उन्होंने विरोधियों को खुली चुनौती दी कि इस गढ़ को भेदना किसी के लिए भी आसान नहीं है।जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा ने नीरज सिन्हा जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे विरोधियों में भारी बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कई लोग अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन बांकीपुर की जनता कभी अहंकारियों का साथ नहीं देती। उन्होंने विश्वास जताया कि मतदान के दिन जब जनता घरों से बाहर निकलेगी, तो जीत का एक नया कीर्तिमान स्थापित होगा।

राजद पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ‘जंगलराज’ और ‘लालटेन राज’ को भूली नहीं है तथा इस बार भी अपने वोट की चोट से जंगलराज वालों को करारा सबक सिखाएगी।विकास के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग विकास कार्यों पर सवाल उठाते हैं, उन्हें अशोक राजपथ का डबल डेकर फ्लाईओवर देखना चाहिए। आज पूरे देश में पटना के मरीन ड्राइव की चर्चा है, लेकिन ‘चरवाहा विद्यालय’ की सोच रखने वाले विकास का अर्थ क्या जानेंगे। उन्होंने प्रशांत किशोर को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें ‘बस्ता वाला व्यापारी’ करार दिया। नवीन ने कहा, “वे व्यापार करने आए हैं और चले जाएंगे, लेकिन हम यहीं रहेंगे क्योंकि बांकीपुर हमारा घर है।” उन्होंने कहा कि मंदिरी नाला पर आज 4-लेन सड़क बन चुकी है और लोगों के जीवन में गुणात्मक सुधार आया है, जबकि विनाशकारी सोच वाले सत्ता में आए तो लोग शाम को घरों से भी नहीं निकल पाएंगे।पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा और कहा कि माताओं को अपमानित करने वालों को जनता चुनाव में कड़ा जवाब देगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में ‘डबल इंजन’ की सरकार विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है। नवीन ने मतदाताओं से अपील की कि वे भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहें और नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर बांकीपुर को राज्य का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र बनाएं।आयोजित जनसभा में भाजपा के साथ-साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता और भारी संख्या में आम जनमानस उपस्थित था।

Related Articles

Back to top button