news

पटना में छात्र मार्च को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर ऑटो-ई-रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों की नो एंट्री

पटना में मंगलवार को छात्र संगठनों के लोक भवन मार्च को देखते हुए यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में ऑटो, ई-रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है।

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार के मुताबिक, सुबह 10 बजे से प्रदर्शन समाप्त होने तक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा। गांधी मैदान के चारों ओर व्यावसायिक वाहनों के साथ ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही बंद रहेगी।

इन प्रमुख रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर से कोतवाली टी तक ऑटो व ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। इसी तरह पुलिस लाइन से बैंक रोड के बुद्धमार्ग, छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ और पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक भी इन वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

दानापुर से राजापुर पुल के रास्ते आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा से ही वापस दानापुर की ओर भेजा जाएगा। आयकर गोलंबर से कोतवाली की दिशा में जाने वाले वाहनों को भी आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी।

अशोक राजपथ और एक्जीबिशन रोड पर भी रूट बदले

मंदिरी नाला की तरफ से आने वाले यातायात को डायवर्ट कर अशोक राजपथ की ओर भेजा जाएगा। वहीं एक्जीबिशन रोड पर भट्टाचार्या चौराहा से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।

अशोक राजपथ पर गायघाट की तरफ से गांधी मैदान आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को केवल कारगिल चौक तक आने की अनुमति होगी। इसके बाद उन्हें वापस गायघाट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

डाकबंगला जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग

पटना स्टेशन से डाकबंगला चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा जाएगा।

इसके अलावा आर ब्लॉक के ऊपर और नीचे से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

इन इलाकों में भी बदलेगा ट्रैफिक

मछुआ टोली से बारीपथ होते हुए ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ऑटो और ई-रिक्शा चल सकेंगे, लेकिन उन्हें गांधी मैदान और बाकरगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

हड़ताली मोड़ से आयकर गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों को रोककर अटल पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। इस दिशा से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को बोरिंग रोड की ओर वापस भेजा जाएगा।

चौराहों पर तैनात रहेगा पुलिस बल

प्रदर्शन के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि मंगलवार को घर से निकलने से पहले डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Related Articles

Back to top button