newsबिहारराजनीति

भोजपुरी बवाल के मंच से तेजप्रताप का पवन सिंह पर हमला, बोले ‘बड़ा लफुआ है’

पटना के ज्ञान भवन में भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग के दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे एक साथ नजर आए। शो में लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव भी हिस्सा ले रहे हैं। शूटिंग पूरी होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में तेजप्रताप ने भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी MLC पवन सिंह पर तीखी टिप्पणी की।

‘कृष्ण भक्त हूं, शराब से रहता हूं दूर’

तेजप्रताप यादव ने खुद को भगवान कृष्ण का भक्त बताते हुए कहा कि वह वृंदावन आते-जाते रहते हैं और तुलसी की माला पहनते हैं। उन्होंने दावा किया कि वह शराब से पूरी तरह दूर रहते हैं।

इसके बाद उन्होंने कुछ कलाकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कलाकारों को शराब से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। पवन सिंह का नाम लेते हुए तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि कुछ कलाकार शराब पीकर कार्यक्रमों में प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के दायरे में आने पर कार्रवाई हो सकती है।

पवन सिंह को लेकर दिया विवादित बयान

पवन सिंह पर हमला बोलते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह ऐसे लोगों के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते। इसी दौरान उन्होंने पवन सिंह को लेकर ‘बड़ा लफुआ’ जैसी टिप्पणी कर दी। उनके इस बयान के बाद भोजपुरी और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

पूर्व PA मोतीलाल पर भी साधा निशाना

बातचीत के दौरान तेजप्रताप यादव ने अपने पूर्व पीए मोतीलाल का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीलाल उनके घर से सामान लेकर चला गया था। तेजप्रताप ने कहा कि वह उसका नाम नहीं लेना चाहते, वरना मामला और चर्चा में आ जाएगा।

जब पत्रकारों ने पूछा कि मोतीलाल भी ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आ रहे हैं, तो तेजप्रताप ने कहा कि शो के शुरुआती हिस्से में वह दिखाई देते हैं, लेकिन अब अंत में नहीं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

एक मंच पर दिखे भोजपुरी के बड़े चेहरे

‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई लोकप्रिय कलाकार नजर आए। पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे सितारों के साथ तेजप्रताप यादव की मौजूदगी ने शो को खास बना दिया।

शो में इन चर्चित चेहरों के एक साथ आने से दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ी है। वहीं, तेजप्रताप के पवन सिंह को लेकर दिए गए बयान ने ग्रैंड फिनाले से पहले ही इसे सुर्खियों में ला दिया।

Related Articles

Back to top button