
मोतिहारी। भारत की सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने छिपहरमाई गांवपालिका-1 के मिर्जापुर इलाके में एक आम के बगीचे से 140 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि तस्करों ने इसे सुरक्षित ठिकाना मानकर यहाँ छिपाया था, ताकि मौका पाकर इसे सीमा पार भेजा जा सके।जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर इलाका पुलिस कार्यालय पोखरिया और सशस्त्र प्रहरी बल, मिर्जापुर की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने मिर्जापुर स्थित एक आम के बगीचे में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घास और घनी झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 13 बड़े पैकेट बरामद हुए।
जांच करने पर उन पैकेटों से कुल 140 किलो गांजा बरामद हुआ।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह खेप किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता एवं पुलिस नायब उपरीक्षक चक्र बहादुर मल्ल ने बताया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बागान का इस्तेमाल किया था। हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
गांजे की यह बड़ी खेप यहाँ तक कैसे पहुंची और इसके पीछे किन सफेदपोश तस्करों का हाथ है, इसका पता लगाया जा रहा है। पूरे तस्करी नेटवर्क को खंगालने और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।



