
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले जन सुराज पार्टी के संस्थापक और सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी 17 अगस्त (2026) को बिहार विधानसभा में विधायक पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके साथ ही बांकीपुर में राजनीतिक बदलाव के एक नए युग की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। विधानसभा में सोमवार सुबह 10:30 बजे शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।प्रशांत किशोर के कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की गई है। पोस्ट में कहा गया है कि यह बांकीपुर में बदलाव के एक नए युग की शुरुआत है।गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने अपने राजनीतिक करियर का पहला चुनाव लड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के करीब तीन दशक पुराने मजबूत गढ़ को ध्वस्त कर सभी को चौंका दिया। पटना का यह शहरी क्षेत्र लंबे समय से भाजपा का अभेद्य किला माना जाता रहा है, जहां इस बार पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। यह उपचुनाव भाजपा के तत्कालीन विधायक और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बांकीपुर सीट के खाली होने के कारण कराया गया था।बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीते 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जबकि 3 अगस्त को परिणाम घोषित किए गए थे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस त्रिकोणीय मुकाबले में प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा (44,827 वोट) को 19,324 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी महज 14,273 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहीं।उल्लेखनीय है कि इस उपचुनाव में मतदाताओं में ज्यादा उत्साह नहीं दिखा। जहां 2025 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर में 41.39 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं 2026 के इस उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत घटकर केवल 34.3 प्रतिशत रह गया था। हालांकि, इस कम वोटिंग के बावजूद जन सुराज ने इतिहास रच दिया। अब 17 अगस्त को शपथ लेने के साथ ही प्रशांत किशोर सदन के अंदर अपने विधायी सफर की शुरुआत करेंगे।



