newspatnarajniti

बिहार में 22,500 करोड़ के निवेश पर सियासी घमासान: तेजस्वी यादव ने ‘कागजी कंपनी’ को लेकर सरकार को घेरा

पटना। बिहार में एक बड़े निवेश के दावे को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में 22,500 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया है। तेजस्वी ने दावा किया है कि जिस कंपनी के बिहार में न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने की बात कही जा रही है, वह महज पांच महीने पुरानी एक ‘कागजी कंपनी’ है। उन्होंने आशंका जताई है कि निवेश के नाम पर सरकारी खजाने से मुफ्त जमीन और भारी सब्सिडी देकर कमीशन खाने की एक बड़ी साजिश रची जा रही है।नेता प्रतिपक्ष ने हैरानी जताते हुए कहा कि जिस कंपनी को लेकर सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, उसकी स्थापना महज पांच महीने पूर्व (फरवरी 2026 में) हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस कंपनी के पास कुल पूंजी केवल 11 लाख रुपये है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जिस कंपनी की हैसियत एक स्कूल-कॉलेज की चारदीवारी बनाने की नहीं है, वह बिहार में न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर कैसे स्थापित करेगी? उन्होंने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि 11 लाख वाली इस कंपनी के हाथ अचानक कौन सा कुबेर का खजाना लग गया है जो वह रातों-रात हजारों करोड़ों का निवेश कर देगी।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनके मंत्रियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए तेजस्वी ने उन पर जनता से कोरा झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और मंत्रियों की मौजूदगी में इतना बड़ा फर्जी दावा कर दिया गया और किसी ने सवाल-जवाब तक नहीं किया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि क्या बिहारवासियों को मूर्ख बनाना सभी का संयुक्त लक्ष्य था? उन्होंने कहा कि इन कागजी कंपनियों को राजकीय कोष से हजारों करोड़ की फ्री जमीन और सब्सिडी देकर कमीशन खाया जाएगा और बिहार के संसाधनों को बेचा जाएगा। असली निवेशकों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई वास्तविक और बड़ी कंपनी अपनी पूंजी से राज्य में उद्योग लगाती है, तो विपक्ष उसका पूरा समर्थन करेगा, लेकिन एक रुपये में जमीन लेकर और अनुदान डकार कर रफू-चक्कर होने वालों को बिहार की जनता हरगिज बर्दाश्त नहीं करेगी।एनडीए सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दो दशक से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सरकार राज्य में ऐसा बुनियादी ढांचा और विश्वास कायम नहीं कर सकी है, जिससे असली निवेशक यहां आने को राजी हों। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मीडिया में सरकारी प्रचार के दम पर आप अपना गुणगान तो करवा सकते हैं, लेकिन धरातल की दयनीय स्थिति सुधारने की आपमें न तो इच्छाशक्ति है और न ही योग्यता। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल जाति-धर्म की विभाजनकारी नीतियों, पांच किलो मुफ्त अनाज और चुनाव में पैसे बांटने की झूठी राजनीति के सहारे ही चल रही है।

Related Articles

Back to top button