newspatnarajnitiबिहार

यूट्यूबर नहीं, राजद का प्रखंड उपाध्यक्ष है कुंदन: तेजस्वी के आरोपों पर मंत्री लखींद्र का पलटवार

पटना। बिहार में एक कथित यूट्यूबर की गिरफ्तारी को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर बिहार सरकार के मंत्री लखींद्र पासवान ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा है कि जिसे तेजस्वी यादव यूट्यूबर पत्रकार बताकर पुलिस पर फर्जी केस करने का आरोप लगा रहे हैं, वह दरअसल राजद युवा मोर्चा का प्रखंड उपाध्यक्ष कुंदन कुमार है।मंत्री ने दावा किया कि कुंदन कुमार क्षेत्र में दबंगई करता है और पुलिस ने उसके घर से हथियार भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि कुंदन का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी एक लड़की के साथ अभद्रता करने के मामले में केस दर्ज हो चुका है। मंत्री ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने ही दल के कार्यकर्ता को यूट्यूबर बताकर सहानुभूति बटोरने और सरकार को बदनाम करने का फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। हालांकि, पारदर्शिता दिखाते हुए मंत्री ने यह भी स्वीकारा कि पुलिसिया कार्रवाई के दौरान एक प्रक्रियात्मक चूक हुई है। कुंदन के घर से जो हथियार जब्त किया गया, उसकी जब्ती सूची (सीजर लिस्ट) पर आरोपित का हस्ताक्षर नहीं लिया गया था।खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए लखींद्र पासवान ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई में उनका कोई भी हस्तक्षेप नहीं है और पुलिस कानून के मुताबिक अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे बिना तथ्यों के झूठ की राजनीति कर रहे हैं। ज्ञात हो कि हाल ही में तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि मंत्री के दबाव में पुलिस ने एक पत्रकार को फर्जी केस में फंसाकर जेल भेजा है। तेजस्वी ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने की स्थिति में ‘वैशाली बंद’ और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।

Related Articles

Back to top button