crimenewspatna

चोरी के बाद ई-रिक्शा काटकर बेचने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

मोतिहारी। नगर पुलिस ने शहर में ई-रिक्शा की चोरी कर उसे काटकर उसके पार्ट-पुर्जे अलग-अलग कर बेचने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को कोल्हुआवा मोहल्ला स्थित एनएच के पास संचालित ‘जनता गैरेज’ में पुलिस ने छापेमारी की। इस गैरेज की आड़ में चोरी के ई-रिक्शा को काटकर उसके पार्ट-पुर्जे बेचने का गोरखधंधा चल रहा था। पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान चार हवा-हवाई ई-रिक्शा, एक कटा हुआ ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल समेत ई-रिक्शा के मोटर, चार्जर, बैटरी व भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट बरामद किए गए हैं।सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि गैरेज में चोरी के ई-रिक्शा को लाकर पहले उसके उपयोगी पार्ट-पुर्जे अलग किए जाते थे। इसके बाद ई-रिक्शा के मुख्य ढांचे (चेचिस) को काटकर अलग-अलग हिस्सों में बदल दिया जाता था। इससे चोरी हुए ई-रिक्शा की पहचान करना असली मालिक के लिए भी मुश्किल हो जाता था। पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य इन पार्ट-पुर्जों को शहर और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर बेचने का काम करते थे।पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में चार हवा-हवाई ई-रिक्शा, एक कटा हुआ हवा-हवाई ई-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इसके अलावा 5 ई-रिक्शा मोटर, 10 ई-रिक्शा चार्जर और 5 ई-रिक्शा बैटरी भी मिली हैं। पुलिस ने गैरेज से बड़ी मात्रा में ई-रिक्शा के कटे हुए स्पेयर पार्ट्स भी जब्त किए हैं। बरामद सामान से अंदेशा जताया जा रहा है कि इस गैरेज में लंबे समय से चोरी के ई-रिक्शा को खपाने का सिंडिकेट चल रहा था।पकड़े गए लोगों ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे शहर के अलग-अलग इलाकों से ई-रिक्शा चोरी कर उन्हें जनता गैरेज में लाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में गंभीरता से जुटी है कि गैरेज में बरामद ई-रिक्शा किन-किन स्थानों से चोरी किए गए हैं। साथ ही, गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों व चोरी के सामान को खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button