
बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदलता नजर आ रहा हैं । राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, जबकि कई जिलों में उमस और तेज गर्मी अभी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। इस साल मानसून ने 11 जून को तय समय से पहले बिहार में प्रवेश किया था, लेकिन शुरुआती दौर के बाद इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। इसका असर बारिश के आंकड़ों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
विभाग के मुताबिक, 28 जून तक बिहार में औसतन 140.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 69.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यानी राज्य में सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 38 जिलों में से सिर्फ 6 जिलों में सामान्य या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 18 जिलों में सामान्य से आधे से भी कम बारिश हुई है।
हालांकि अब मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और 1 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। अगले सात दिनों के दौरान कई जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी वर्षा की भी संभावना है।
राजधानी पटना में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने का अनुमान है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, हालांकि उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग ने सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में 29 और 30 जून के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं 30 जून और 1 जुलाई को पटना, नालंदा, भोजपुर, अरवल और जहानाबाद सहित कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के बिहार की ओर बढ़ने से अगले 2 से 4 दिनों के भीतर मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। यदि अनुमान सही रहा तो जुलाई के पहले सप्ताह में राज्यभर में व्यापक बारिश होगी और अब तक बनी वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।



