newspatnarajnitiबिहार

पटना-थावे इंटरसिटी का बदलेगा समय! शिक्षा मंत्री ने रेल राज्य मंत्री के सामने रखी बड़ी मांग

पटना। बिहार के रेल यात्रियों, विशेषकर सारण प्रमंडल के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। पटना-थावे इंटरसिटी एक्सप्रेस के परिचालन समय में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से शिष्टाचार मुलाकात की और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेलवे से जुड़ी कई अहम मांगें रखीं।मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने पटना-थावे इंटरसिटी एक्सप्रेस की वर्तमान समय-सारिणी से यात्रियों को हो रही भारी परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल राज्य मंत्री से आग्रह किया कि इस ट्रेन को सुबह के समय पटना जंक्शन से और शाम को थावे जंक्शन से संचालित किया जाए। मंत्री ने प्रस्ताव दिया कि यह ट्रेन पटना से अहले सुबह 5 बजे रवाना हो और वापसी में थावे से शाम 7 बजे खुले। गौरतलब है कि फिलहाल यह इंटरसिटी पटना से दोपहर 12:10 बजे खुलकर शाम 7 बजे थावे पहुंचती है। वहीं, वापसी में यह रात 8:05 बजे थावे से खुलकर तड़के 3:20 बजे पटना पहुंचती है। इस असुविधाजनक समय और लंबी यात्रा अवधि के कारण आम यात्रियों, व्यवसायियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

सिधवलिया व बैकुंठपुर स्टेशनों के कायाकल्प की उठी मांग

बैठक में गोपालगंज जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने गोपालगंज से देश की राजधानी दिल्ली सहित अन्य प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने का पुरजोर आग्रह किया। इसके साथ ही, उन्होंने एक बड़ा प्रस्ताव रखते हुए गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख के रास्ते पटना तक अत्याधुनिक ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ चलाने की मांग की। यदि इस मांग को रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलती है, तो यह उत्तर बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।क्षेत्रीय विकास के अन्य मुद्दों पर बात करते हुए मिथिलेश तिवारी ने ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया स्टेशनों के आधुनिकीकरण और विश्वस्तरीय सुविधाओं के विकास में तेजी लाने की आवश्यकता जताई। इसके अलावा, दिघवा दुबौली में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का भी आग्रह किया गया।

बिहार रेलवे को बड़ा तोहफा जल्द

मुलाकात के अंत में शिक्षा मंत्री ने सिधवलिया स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट के विधिवत उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को आमंत्रित किया। रेल राज्य मंत्री ने इन सभी जनहित की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए इन्हें जल्द पूरा कराने का ठोस आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button