newspatnaबिहार

सोमेश्वरनाथ जलाभिषेक: बागमती-लालबकेया संगम पर चाक-चौबंद होगी सुरक्षा, डीएम ने परखीं तैयारियां

पटना। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर अरेराज स्थित प्रसिद्ध बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए डाक बम और कांवरियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। आगामी 20 से 24 सितंबर तक जिले के पताही प्रखंड क्षेत्र के देवापुर स्थित बागमती व लालबकेया नदी के संगम तट (बेलघाट) पर लगने वाले भव्य जलभरी मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सघन निरीक्षण किया। डीएम ने संगम तट स्थित जलभरी स्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने का सख्त निर्देश दिया। बेलघाट वही प्रमुख स्थल है, जहां से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र जल भरकर बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करते हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग और व्यवस्थित प्रवेश-निकास द्वार सुनिश्चित करने को कहा। नदी में किसी भी अप्रिय घटना या डूबने की आशंका को टालने के लिए गोताखोरों और नाव के साथ एनडीआरएफ (NDRF) की टीम की 24 घंटे तैनाती का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

चप्पे-चप्पे पर होगी नजर, एनडीआरएफ रहेगी मुस्तैद

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि इस वर्ष मेले में बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संगम घाट से देवापुर तक निर्बाध रोशनी के लिए पर्याप्त संख्या में हाई पावर जेनरेटर लगाए जाएंगे। बागमती परियोजना (शिवहर) की ओर से देवापुर से संगम घाट तक की सड़क की युद्ध स्तर पर मरम्मत कराई जा रही है, ताकि नंगे पांव चलने वाले शिवभक्तों को कोई कठिनाई न हो।भवन निर्माण विभाग की ओर से नदी में सुरक्षित बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट और विश्राम के लिए पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) द्वारा घाट पर पेयजल के लिए 30 चापाकल, 35 अस्थायी शौचालय और महिला श्रद्धालुओं के लिए 35 चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशासनिक कैंप के समीप ही एक विशेष मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जहां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य कर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौके पर अलर्ट मोड में रहेंगी।

सुविधाओं और आवागमन का रखा जाएगा खास ख्याल

निरीक्षण के दौरान पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी ने जिलाधिकारी को मेले की तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, सिकरहना एसडीओ विजय कुमार, ढाका अनुमंडल पदाधिकारी, पताही बीडीओ उदय कुमार, सीओ, और पीएचईडी के जेई श्रवण कुमार उपस्थित थे।स्थानीय जनप्रतिनिधियों में पूर्व मुखिया वेदानंद झा, जदयू नेता लालबाबू सिंह, नवेंदु कुमार और आदित्य कुमार आदि ने भी प्रशासन को आयोजन के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि यह धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button