newsबिहारमौसम

काले बादलों से ढका पटना, 12 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। सोमवार सुबह राजधानी पटना के भी कई इलाकों में आसमान में बादल नजर आए। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अलर्ट वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के सक्रिय रहने का अनुमान है।

इन 12 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और किशनगंज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसके साथ बारिश और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

11 से 15 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में 15 अगस्त तक मौसम पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद कम है। 11 अगस्त को दक्षिण और मध्य बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम खराब रह सकता है।

12 अगस्त को भी राज्य के करीब आधे हिस्से में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

13 अगस्त को भी कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहेगा। इस दिन पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान और सारण को छोड़कर बिहार के बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

14 अगस्त को उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं 15 अगस्त को पूरे बिहार में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है।

बीते 24 घंटे में कई जिलों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मुंगेर और गोपालगंज समेत कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।

हालांकि, राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में बारिश के बजाय धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

बिहार में अब भी 35 फीसदी बारिश की कमी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में अभी तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, कम बारिश के बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

इसके पीछे नेपाल में हो रही लगातार तेज बारिश को बड़ी वजह माना जा रहा है। नेपाल में भारी बारिश के कारण बिहार से होकर गुजरने वाली कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। नदियों के उफान पर आने से उनके आसपास के इलाकों में पानी फैलने लगा है और कई जगह बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

Related Articles

Back to top button