बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए TRE-4 भर्ती से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। फिलहाल TRE-4 के तहत 32,388 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रस्तावित है, लेकिन अब इसमें करीब 2 हजार अतिरिक्त पद जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो कुल रिक्तियों की संख्या 34 हजार से ज्यादा हो सकती है।
दरअसल, शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों से TRE-3 के बाद खाली रह गए शिक्षक पदों की जानकारी मांगी है। जिलों से रिक्तियों का पूरा ब्योरा मिलने के बाद इन पदों को TRE-4 की भर्ती में जोड़े जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि अतिरिक्त पदों में मैथ्स, साइंस और कॉमर्स जैसे विषयों को प्राथमिकता मिल सकती है।
पहले ही 32,388 पदों की भेजी जा चुकी है अधियाचना
TRE-4 के लिए शिक्षा विभाग की ओर से पहले ही 32,388 पदों की अधियाचना BPSC को भेजी जा चुकी है। इसमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 पद, कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पद और कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 पद शामिल हैं।
वहीं, सबसे अधिक रिक्तियां कक्षा 11 और 12 के लिए प्रस्तावित हैं। इस स्तर पर 22 अलग-अलग विषयों में कुल 16,101 शिक्षकों की नियुक्ति की योजना है।
मैथ्स और साइंस अभ्यर्थियों के लिए बढ़ सकता है मौका
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की संख्या बढ़ने के बावजूद कुछ विषयों में अब भी पद खाली हैं। खासकर कक्षा 9 से 12 तक मैथ्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री और कॉमर्स के शिक्षकों की कमी को लेकर विभाग की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।
राज्य में कक्षा 9 से 12 तक करीब 10 हजार स्कूल हैं। इनमें लगभग 7 हजार विद्यालयों में मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों के शिक्षकों की कमी होने की बात सामने आई है।
इसके अलावा बंगला, पाली, प्राकृत, मैथिली, भोजपुरी सहित अन्य विषयों में उपलब्ध रिक्त पदों का विवरण भी जिलों से मांगा गया है। ऐसे में इन विषयों के अभ्यर्थियों के लिए भी TRE-4 में अतिरिक्त अवसर बनने की उम्मीद है।
TRE-1 से TRE-3 तक हो चुकी है भर्ती
बिहार में शिक्षक भर्ती के पिछले तीन चरणों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा चुकी है। TRE-1 के जरिए करीब 1.20 लाख, TRE-2 में लगभग 70 हजार और TRE-3 में 66,603 अभ्यर्थियों को शिक्षक पद पर नियुक्त किया गया।
इन तीनों चरणों को मिलाकर राज्य में करीब 2.55 लाख शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। अब अभ्यर्थियों की नजर TRE-4 की अंतिम वैकेंसी पर टिकी हुई है।
जिलों की रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
शिक्षा विभाग को जिलों से रिक्त पदों की रिपोर्ट मिलने के बाद TRE-4 में बढ़ने वाली सीटों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो जाएगी। इसमें केवल मौजूदा खाली पदों को ही नहीं, बल्कि छात्रों की संख्या और आने वाले समय में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के आंकड़े को भी ध्यान में रखा जाएगा।
ऐसे में अगर करीब 2 हजार अतिरिक्त पद TRE-4 में शामिल किए जाते हैं, तो कुल वैकेंसी 34 हजार के पार पहुंच सकती है। हालांकि, अंतिम संख्या जिलों से प्राप्त रिपोर्ट और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।



