
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अब उन्हें पूरे देश में Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में उनके लिए एक उच्च श्रेणी का सरकारी आवास भी तय किया गया है।
नीतीश कुमार को दिल्ली के सुनहरी बाग रोड पर टाइप-8 कैटेगरी का 9 नंबर बंगला आवंटित हुआ है। यह वही वीआईपी इलाका है, जहां देश के वरिष्ठ नेता जैसे अमित शाह और राजनाथ सिंह रहते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि अब नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Navin के पड़ोसी भी बनेंगे, जिनका आवास इसी इलाके में 8 नंबर पर स्थित है।
करीब 3 एकड़ में फैले इस बंगले में आधुनिक सुविधाओं के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें 5 बेडरूम, लिविंग और डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम के साथ 6 स्टाफ क्वार्टर भी मौजूद हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है।
वहीं पटना में भी उनका नया ठिकाना तय हो चुका है। 1 अणे मार्ग से उनका सामान अब 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में शिफ्ट किया जा रहा है, जो लालू प्रसाद यादव के आवास के नजदीक है।
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को इस्तीफे के बाद से नीतीश कुमार सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और पिछले 36 घंटे से ज्यादा समय से वे अपने आवास में ही रह रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही वे अपने नए आवास में शिफ्ट हो जाएंगे।



