patnaबिहारमौसम

बिहार में जल्द बदलेगा मौसम, लोगों को गर्मी से मिलेगी निजात; आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी

बिहार में फिलहाल गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। पछुआ हवाओं के कारण अगले दो दिनों तक राज्य का मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। राजधानी पटना समेत अधिकांश इलाकों में उष्ण लहर यानी हीटवेव का प्रभाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार दिन और रात दोनों समय गर्मी लोगों को परेशान करेगी। कई जगहों पर पछुआ हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। साथ ही अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं।

हाल ही में बक्सर में 43 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई, जबकि पटना का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक रहा। वहीं डुमरांव में पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है।

गया, शेखपुरा, औरंगाबाद, राजगीर, भभुआ, अरवल और जहानाबाद जैसे कई जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

जल्द मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि 24 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। खासकर किशनगंज, अररिया और सुपौल जैसे जिलों में 27 से 28 अप्रैल के बीच बारिश होने के आसार हैं।

फिलहाल दक्षिण बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में गर्मी से राहत मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button