
बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिसके चलते मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, शेष 15 जिलों में किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है। यहां दिनभर धूप और नमी के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। राजधानी पटना में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ स्थानों पर हल्की फुहार पड़ सकती है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा। शाम के समय मौसम थोड़ा सुहावना हो सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, औरंगाबाद, बगहा, अररिया और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चलीं, जिससे कुछ समय के लिए मौसम में बदलाव महसूस किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार के ऊपर सक्रिय मानसूनी ट्रफ की स्थिति लगातार बदल रही है। इसी वजह से वातावरण में पर्याप्त नमी मौजूद है, लेकिन पूरे राज्य में एक साथ व्यापक बारिश नहीं हो रही। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बढ़ जाती है, जबकि शाम या रात के समय स्थानीय स्तर पर बादल बनने से कहीं-कहीं अचानक बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर शुरू हो जाता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 से 31 जुलाई तक भी प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा। अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि लगातार और व्यापक वर्षा के संकेत फिलहाल नहीं हैं। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ सकता है।



