
बिहार में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत और ग्राम कचहरी चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ी अपडेट दी है। निर्वाचन क्षेत्रों के प्रारूप प्रकाशन की तारीख में बदलाव करते हुए अब इसे 4 मई तय किया गया है।
प्रारूप जारी होने के बाद आम लोगों को 18 मई तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। आयोग के अनुसार, केवल 2011 की जनसंख्या के आधार पर ही आपत्तियों को स्वीकार किया जाएगा। सभी आपत्तियों का निपटारा 22 मई तक कर लिया जाएगा, जबकि अंतिम सूची का प्रकाशन 5 जून को किया जाएगा। वहीं, गजट नोटिफिकेशन 9 मई को जारी होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बार उन क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया जाएगा, जो अब नगर निकाय में शामिल हो चुके हैं। ऐसे इलाकों की जनसंख्या और वार्ड से जुड़ी जानकारी अलग से दर्शाई जाएगी, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
प्रारूप सूची में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, सरपंच, पंचायत सदस्य और पंच जैसे सभी पदों का पूरा विवरण शामिल रहेगा। इसमें संबंधित पंचायत का नाम, जनसंख्या, वार्ड संख्या और अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाएगी।
इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा और सभी डेटा आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए हाट-बाजारों में ढोल-नगाड़ा बजाकर, अखबारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
आपत्तियों की जांच के लिए अलग-अलग स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। पंचायत और पंचायत समिति स्तर पर बीडीओ, जिला परिषद स्तर पर एसडीओ और अपील के मामलों में डीएम अंतिम फैसला लेंगे।
आयोग ने साफ कर दिया है कि केवल जनसंख्या से जुड़े दावे और आपत्तियां ही मान्य होंगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।



