newsबिहार

बिहार में बंपर भर्ती की तैयारी, 1.17 लाख से ज्यादा पदों पर जल्द आएंगी वैकेंसी

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले महीने बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं। राज्य में अगले तीन महीनों के दौरान अलग-अलग विभागों में 1 लाख 17 हजार 308 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, कृषि, ऊर्जा और आंगनबाड़ी समेत कई विभागों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने की तैयारी चल रही है।

विभाग में सबसे ज्यादा नौकरियां

बिहार में प्रस्तावित भर्तियों में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की हिस्सेदारी सबसे जादा होने वाली हैं |शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत 33,385 पदों पर नियुक्ति की तैयारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग में करीब 32,700 पद भरे जाने की संभावना है।इसके अलावा आंगनबाड़ी में सेविका और सहायिका के लगभग 22,891 पद, विश्वविद्यालयों में 9,532 असिस्टेंट प्रोफेसर, करीब 5,800 लाइब्रेरियन और कृषि विभाग में लगभग 5,500 पदों पर भर्ती की तैयारी बताई जा रही है।

9,532 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती की तैयारी

बिहार के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की स्थायी नियुक्ति का इंतजार कर रहे NET और PhD योग्य उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और शिक्षा विभाग की ओर से करीब 9,532 पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया गया है।बताया जा रहा है कि इसमें पारंपरिक विश्वविद्यालयों की खाली सीटों के साथ राज्य में हाल में स्थापित 211 डिग्री कॉलेजों के 2,532 पद भी शामिल हैं। विश्वविद्यालयों से रोस्टर क्लियरेंस के आधार पर रिक्तियों की जानकारी मांगी गई है।

लाइब्रेरियन के करीब 5,800 पद

स्कूलों में लाइब्रेरियन की नियुक्ति के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा 2026 आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसके जरिए करीब 5,800 पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक लिए जाने की बात कही गई है। वहीं परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच प्रस्तावित बताई जा रही है।

TRE-4 में 33,385 शिक्षकों की भर्ती

बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी बड़ी भर्ती प्रक्रिया प्रस्तावित है। BPSC की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के माध्यम से कुल 33,385 पदों पर नियुक्ति की जानी है। आने वाले महीनों में इस भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

इन विभागों में भी निकल सकती हैं बड़ी वैकेंसी

पुलिस विभाग: सिपाही, दरोगा और चालक सिपाही सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की तैयारी है।

स्वास्थ्य विभाग: डॉक्टर, नर्स, तकनीकी स्टाफ समेत अलग-अलग श्रेणियों में करीब 32,700 पद प्रस्तावित हैं।

ऊर्जा विभाग: तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी में लगभग 7,500 रिक्तियों पर भर्ती आने की संभावना है।

कृषि विभाग: कृषि सेवा से जुड़े करीब 5,500 पदों को भरने की तैयारी है।

आंगनबाड़ी: सेविका और सहायिका के लगभग 22,891 पदों पर नियुक्ति की उम्मीद है।

कुल मिलाकर बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले तीन महीने काफी अहम रहने वाले हैं। हालांकि, जिन भर्तियों की आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है, उनके लिए अंतिम पद संख्या, आवेदन तिथि और पात्रता की पुष्टि नोटिफिकेशन आने के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button