
बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पहले चरण में महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई थी, अब दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये उनके खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
दूसरी किस्त जारी करने से पहले 25 अप्रैल को रोजगार से जुड़ी जानकारी लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई हैं , जिसे अंतिम औपचारिकता माना जा रहा है। इसके बाद चिन्हित लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, करीब 40 लाख से अधिक महिलाओं का सर्वे किया गया है, जिनमें से चयनित महिलाओं को मई महीने में यह राशि मिलेगी। योजना के तहत कुछ महिलाओं को अपने स्तर पर निवेश कर स्वरोजगार शुरू करना भी होगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
दूसरी किस्त पाने के लिए महिलाओं से पहले दी गई 10 हजार रुपये की राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र, कैश बुक का रिकॉर्ड, व्यवसाय योजना का पालन और ऋण समिति की सिफारिश जैसे जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे। 20 अप्रैल तक दस्तावेज लेने और 22 अप्रैल से लोन कमेटी के जरिए स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
इस योजना के तहत कुल 2 लाख 10 हजार रुपये पांच किस्तों में दिए जाएंगे । पहली किस्त जारी हो चुकी है, दूसरी में 20 हजार, तीसरी में 40 हजार, चौथी में 80 हजार और पांचवीं किस्त में 60 हजार रुपये ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए दिए जाएंगे।



