newsबिहारशिक्षा

शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बिहार में TRE-4 के तहत 32,388 पदों पर भर्ती

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का लंबे समय से इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। अब जल्द ही आयोग की ओर से भर्ती का विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विकसित बिहार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, TRE-4 के माध्यम से प्राथमिक विद्यालय से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालय तक कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11 और 12 के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

TRE-4 में पदों का ब्योरा
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
कुल पद: 32,388

सरकार का कहना है कि इस भर्ती से न सिर्फ हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अब अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग द्वारा जारी होने वाली आधिकारिक अधिसूचना, आवेदन की तारीख और परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी हैं। लंबे समय से TRE-4 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक अपडेट माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button