शिक्षा

BPSC TRE-4: 15 जनवरी तक बीपीएससी को भेजी जाएगी शिक्षक बहाली की रिक्तियां, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार का बड़ा बयान

पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सोमवार को राजधानी पटना स्थित सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने बीपीएससी टीआरई-4 शिक्षक बहाली को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में नए साल में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह अच्छी खबर है। उन्होंने बताया कि टीआरई-4 के तहत स्कूलों में शिक्षक बहाली के लिए रिक्त पदों का विवरण 15 जनवरी तक बीपीएससी को भेज दिया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि पुस्तकालयाध्यक्ष के करीब 5,500 पदों पर बहाली की संभावना है। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों के लिए लगभग 7,000 विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, विश्वविद्यालयों से भी शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षकों द्वारा पढ़ाने के बजाय रील्स बनाने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई शिक्षक या अधिकारी गलत गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में बेतिया और किशनगंज के कई जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।

एक अन्य सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने कहा कि सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति को लेकर मंत्री अशोक चौधरी की अनुशंसा शिक्षा विभाग को प्राप्त हुई थी, लेकिन उसमें कुछ तकनीकी कमियां पाई गईं। इस कारण मामले में पुनः बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग से मंतव्य मांगा गया है।

शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और बहाली से लेकर अनुशासन तक हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।

Related Articles

Back to top button