
मोतिहारी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को पूरा बंजरिया प्रखंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह का मुख्य आकर्षण बंजरिया थाना परिसर रहा, जहां 125 वर्षीय वयोवृद्ध हीरामन ठाकुर ने थानाध्यक्ष के साथ मिलकर तिरंगा फहराया। उम्र के इस पड़ाव पर उनका देशप्रेम देखकर वहां मौजूद हर किसी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया और पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।नगर निगम वार्ड संख्या-01, चैलाहां निवासी 125 वर्षीय हीरामन ठाकुर ने बंजरिया थाना परिसर में थानाध्यक्ष अमित कुमार के साथ झंडोत्तोलन किया। उनके कांपते हाथों से तिरंगा फहराए जाने का दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद खास और भावुक करने वाला रहा। झंडोत्तोलन के बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार ने हीरामन ठाकुर को सम्मानपूर्वक अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने उनके लंबे जीवन और देश के प्रति अगाध सम्मान के जज्बे की जमकर सराहना की।वहीं, बंजरिया प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। यहां प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बंजरिया में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजिया तरन्नुम ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अजगरी पंचायत सरकार भवन में मुखिया वीणा सिंह ने तो सिसवा पूर्वी पंचायत सरकार भवन में मुखिया तान्या प्रवीण ने झंडोत्तोलन किया। इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, पंचायतों और संस्थानों में भी समारोह आयोजित किये गए। कई जगहों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। विभिन्न समारोह स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती रही और अधिकारी व्यवस्था पर पैनी नजर रखे रहे। समारोह में मुख्य रूप से बीडीओ अजय कुमार प्रिंस, सीओ कृष्ण प्रताप सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष क्यामूल हक, दीपक कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष दिलीप सिंह, सिद्दीकी आलम, दारोगा दयाराम सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व सैकड़ों की संख्या में आम लोग मौजूद रहे।



