
मोतिहारी। पटना उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल प्रखंड में प्रमुख और उप प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है। अदालत के निर्देश के आलोक में एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी प्रशासनिक तैयारी कर ली है।राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त निर्वाचन आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के बाद अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी ने सक्रियता दिखाते हुए प्रखंड के सभी 14 पंचायत समिति सदस्यों को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। सभी सदस्यों को निर्धारित दिन अनुमंडल सभागार में उपस्थित होने का कड़ा निर्देश दिया गया है।राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि हर हाल में चुनाव स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराया जाए। इसे पारदर्शी बनाने के लिए पूरी प्रक्रिया जिला अपर समाहर्ता स्तर के वरीय अधिकारी की सीधी देखरेख में संपन्न कराई जाएगी। इसके साथ ही पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। चुनाव संपन्न होने के उपरांत वीडियोग्राफी की एक प्रति राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।गौरतलब है कि प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख के चुनाव को लेकर उच्च न्यायालय में वाद (सीडब्लूजेसी नंबर 695/2025) दायर किया गया था। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने राज्य निर्वाचन आयोग को जल्द चुनाव कराने का स्पष्ट निर्देश दिया था, जिसके बाद यह प्रशासनिक कदम उठाया गया है।चुनाव की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होते ही बिहार के इस प्रखंड में राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। पकड़ीदयाल प्रखंड में कुल 14 पंचायत समिति सदस्य हैं, जो इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विभिन्न खेमों के प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने और बहुमत जुटाने के लिए सदस्यों को एकजुट करने की रणनीति में लग गए हैं। प्रखंड का नेतृत्व किसके हाथों में जाएगा, यह पूरी तरह इन्हीं 14 सदस्यों के रुख पर निर्भर करेगा।



