
पटना। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को पूरा बिहार देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राज्य के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण का संकल्प दोहराया और शिक्षा, रोजगार, कृषि तथा जनकल्याण के क्षेत्र में छह बड़ी घोषणाएं कर राज्य के विकास का नया खाका पेश किया।युवाओं और शिक्षा को राज्य के विकास की धुरी बताते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए एक राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित की जाएगी। इसके अलावा, शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए सरकार एक अलग उच्चस्तरीय समिति बनाएगी। छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने घोषणा की कि आगामी 17 अगस्त से प्रदेश में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत होगी, जिसके माध्यम से छात्रों की किसी भी शिकायत का समाधान महज 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।वहीं, कृषि और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गन्ना किसानों को भी बड़ी सौगात दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के हित में राज्य में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से 10 चीनी मिलों की शुरुआत हो चुकी है और अगले छह महीनों के भीतर पांच अन्य मिलें भी चालू हो जाएंगी। इसके साथ ही, धार्मिक पर्यटन और आस्था को केंद्र में रखते हुए यह घोषणा की गई कि मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर ‘तिरुपति बालाजी ट्रस्ट’ द्वारा एक भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।अपने संबोधन के अंत में सीएम सम्राट चौधरी ने विश्वास जताया कि 14 करोड़ बिहारवासियों की सामूहिक शक्ति, युवाओं की ऊर्जा, किसानों की मेहनत और माताओं-बहनों के दृढ़ संकल्प के बलबूते हम बिहार को एक समृद्ध और सशक्त प्रदेश बनाएंगे। इससे पूर्व, राज्य भर के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक और निजी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया गया, जहां देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और आजादी के नायकों को नमन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।



