newspatnarajniti

सप्तक्रांति एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों का खेल, 130 बोतल अमानक पानी और जूस जब्त

पटना। बिहार से दिल्ली (आनंद विहार) जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में शुमार 12557 सप्तक्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ का मामला प्रकाश में आया है। मुजफ्फरपुर जंक्शन से ट्रेन के रवाना होने के बाद रास्ते में अवैध वेंडरों द्वारा अनधिकृत रूप से अमानक पानी और बिना अनुमति के मैंगो जूस बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। यात्रियों की शिकायत पर लखनऊ रेल मंडल की टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध पेय पदार्थ जब्त किए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सप्तक्रांति एक्सप्रेस जैसे ही मुजफ्फरपुर से आगे बढ़ी, अनधिकृत वेंडरों ने ट्रेन में लोकल ब्रांड के बोतलबंद पानी और जूस की बिक्री शुरू कर दी। मामले की भनक लगने पर लखनऊ रेल मंडल की चेकिंग टीम ने ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान वेंडरों के पास से 130 बोतल अवैध व अमानक पानी के साथ-साथ बिना अनुमति वाला मैंगो जूस बरामद किया गया।इतनी बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री पकड़े जाने के बाद मुजफ्फरपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग की नियमित चेकिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ा सवाल यह है कि ट्रेन के मुजफ्फरपुर से खुलने के बाद बीच रास्ते में अवैध वेंडर इतनी बड़ी मात्रा में पानी की बोतलें और अन्य सामान ट्रेन में कैसे चढ़ाने में सफल रहे। स्टेशनों और ट्रेनों में खान-पान सामग्री की निगरानी के दावों की इस घटना ने पोल खोल कर रख दी है।सफर के दौरान यात्रियों को शुद्ध पेयजल और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अनधिकृत वेंडरों द्वारा बेचे जा रहे इस अमानक पानी से यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस खुलासे के बाद यात्रियों में रोष है और उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों में बिकने वाले पानी, जूस और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित व सख्त जांच सुनिश्चित की जाए। अब देखना यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर रेलवे के उच्चाधिकारी क्या एक्शन लेते हैं और अवैध वेंडिंग रोकने के लिए क्या कड़े कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button