
पूर्वी चंपारण। नगर पंचायत अरेराज के हरदिया वार्ड संख्या चार में मंगलवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहस का परिचय दिया। जबरन मोबाइल बेचने आए बदमाशों से जब एक युवक ने मोबाइल खरीदने से इन्कार किया, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और देसी पिस्टल निकाल ली। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और अदम्य साहस के आगे बदमाशों की एक न चली और भीड़ ने एक हथियारबंद आरोपित को रंगेहाथ दबोच लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे।जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडागा थाना क्षेत्र स्थित खिदुरपुर निवासी अफज शेख (पिता रोहित शेख) पिछले करीब 25 वर्षों से अरेराज में रहकर गांव-गांव घूमकर बाल खरीदने का कारोबार करता है। वह हरदिया वार्ड चार में किराये के मकान में रहता है।
वह अपने कमरे में था, तभी तीन युवक वहां पहुंचे और उस पर एक मोबाइल खरीदने का दबाव बनाने लगे।अफज ने जब मोबाइल लेने से स्पष्ट इन्कार कर दिया, तो तीनों आरोपित आक्रोशित हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अफज के शोर मचाने पर जब आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, तो खुद को घिरता देख आरोपितों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से देसी पिस्टल निकाल ली। हथियार देखकर भी ग्रामीण पीछे नहीं हटे और एकजुटता दिखाते हुए एक बदमाश को हथियार के साथ मौके पर ही धर दबोचा। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी भाग निकले।ग्रामीणों की सूचना पर अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और पकड़े गए आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपित के पास से देसी पिस्टल भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार युवक की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के नोवाडीह निवासी आविद देवान (पिता राहमद देवान) के रूप में बताई जा रही है।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। घटना में शामिल फरार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



