
पटना में सोमवार को देशभक्ति का अलग ही नजारा देखने को मिला। जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए। हाथ में तिरंगा लेकर मुख्यमंत्री करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले।
जेपी गोलंबर पहुंचने के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर मौजूद रहे और पूरे इलाके में ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे।
तिरंगे को लेकर CM सम्राट ने दिया बड़ा संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देशवासियों के लिए केवल एक झंडा नहीं, बल्कि सम्मान और बलिदान की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आन-बान और शान के लिए लाखों सैनिकों ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं। भारत हमेशा शांति का पक्षधर रहा है, लेकिन यदि कोई देश के खिलाफ लड़ाई या चुनौती देने की कोशिश करता है तो भारत उसका मजबूती से जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल होगा।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
सम्राट चौधरी ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं है। इसके पीछे देश के स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों का संघर्ष और बलिदान जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर लोकतंत्र की नींव मजबूत की और राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिलाया।
मुख्यमंत्री ने 10 से 17 अगस्त तक चलने वाली तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी हिस्सा लें और इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
हर घर तिरंगा अभियान को बढ़ावा देना उद्देश्य
इस तिरंगा यात्रा का आयोजन ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। 14 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के जरिए लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक पूरा इलाका तिरंगे के रंग में नजर आया। यात्रा में मंत्री रामकृपाल यादव, विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के लिए बदला गया था ट्रैफिक प्लान
तिरंगा यात्रा को देखते हुए पटना में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह 7 बजे से गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, कारगिल चौक और बुद्ध मार्ग के आसपास सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी।
लोगों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की थी, ताकि ट्रैफिक को नियंत्रित रखा जा सके और आम लोगों को ज्यादा परेशानी न हो।
तिरंगा यात्रा समाप्त होने के बाद संबंधित इलाकों में यातायात व्यवस्था को फिर से सामान्य कर दिया गया और वाहनों की आवाजाही पहले की तरह शुरू हो गई।



