crimenewspatna

शुभम कुशवाहा गोलीकांड का पर्दाफाश: छह लाख की सुपारी देकर रची गई थी हत्या की साजिश, चार गिरफ्तार

पटना। अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया पुलिस ने शुभम कुशवाहा गोलीकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले की गहन तफ्तीश करते हुए वारदात में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान देवा यादव, राजदीप मेहता, श्याम बिहारी और गौरव यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित देवा यादव असम भाग गया था, जिसे तकनीकी अनुसंधान और सटीक सूचना के आधार पर गुवाहाटी से धर दबोचा गया।पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपितों ने पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया है।

अपराधियों ने कुबूल किया है कि शुभम कुशवाहा की हत्या के लिए पूरे छह लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह सुपारी खुश्कीबाग निवासी उदय बिहारी द्वारा दी गई थी।इस पूरी वारदात की जड़ें पुरानी अदावत से जुड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपितों ने खुलासा किया कि उदय बिहारी के भाई स्वर्गीय सूरज बिहारी की हत्या कर दी गई थी, जिसका मुख्य आरोपित ब्रजेश सिंह है। उदय बिहारी को शक था कि शुभम कुशवाहा के ब्रजेश सिंह से बेहद करीबी संबंध हैं और इस वजह से भविष्य में उसे भी शुभम से खतरा हो सकता है। इसी डर और रंजिश को लेकर उदय ने सुपारी किलर्स का सहारा लिया और हत्या की यह साजिश रची। पूर्णिया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button