
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की दहलीज पर खड़ी राजधानी की सियासत में सोमवार को तब उबाल आ गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पूरी ताकत सड़क पर उतार दी। पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में भट्टाचार्या मोड़ से मोना सिनेमा तक एक भव्य और विशाल रोड शो निकाला गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन खुद चुनावी रथ के सारथी बने नजर आए, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया।चुनावी रथ पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ-साथ मंत्री श्रवण कुमार, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद और विधायक मंगल पांडेय समेत पार्टी के कई कद्दावर नेता मौजूद रहे। रथ के आगे बढ़ते ही पूरा इलाका ढोल-नगाड़ों की थाप और भाजपा के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। जहां तक नजर जा रही थी, सड़क पर केवल भाजपा के झंडों का सैलाब ही नजर आ रहा था।

रोड शो के दौरान एक अद्भुत नजारा तब दिखा जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनावी रथ की कमान खुद अपने हाथों में ले ली। दोनों शीर्ष नेताओं ने रास्ते भर समर्थकों और आम जनता पर पुष्पों की वर्षा की। रथ पर सवार सभी नेताओं ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया और बांकीपुर में एक बार फिर ‘कमल’ खिलाने की अपील की।वहीं, दूसरी ओर मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता और एमएलसी संजय मयूख जैसे नेता रथ के साथ-साथ सड़क पर चलते हुए सीधे जनता से संवाद करते और समर्थन मांगते नजर आए।यह कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से निर्धारित था, लेकिन समय से काफी पहले ही बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता सड़कों पर जुटने लगे थे। शाम करीब पांच बजे प्रत्याशी नीरज कुमार के साथ तमाम वरिष्ठ नेता रथ पर सवार हुए और कारवां आगे बढ़ा।रोड शो भट्टाचार्या मोड़ से शुरू होकर उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा तक पहुंचा।इस शक्ति प्रदर्शन को देखने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों, बालकनियों और दुकानों के चबूतरों पर खड़े रहे। जैसे-जैसे चुनावी रथ आगे बढ़ रहा था, लोग इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने को आतुर दिखे। सड़क के दोनों ओर मौजूद जनता और कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था।भव्य रोड शो का समापन मोना सिनेमा के पास एक विशाल जनसभा के रूप में हुआ। यहां उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मंत्री श्रवण कुमार और सांसद रविशंकर प्रसाद ने हुंकार भरी। नेताओं ने बांकीपुर की जनता से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में भारी मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की पुरजोर अपील की। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस भव्य रोड शो के जरिए भाजपा ने उपचुनाव से ठीक पहले अपने मजबूत संगठन और जमीनी पकड़ का स्पष्ट संदेश दे दिया है।



