
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बिहार की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पारिवारिक कारणों की वजह से वह उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव से हटने संबंधी पत्र बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंप दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताई वजह
अभिषेक कुमार ने कहा कि निजी और पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का फैसला लिया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीदवार बनाकर जो भरोसा जताया गया, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
बीजेपी प्रभारी ने नहीं दिया जवाब
इस फैसले के बाद जब बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े से पूछा गया कि अभिषेक कुमार ने नामांकन वापस क्यों लिया और पार्टी नया उम्मीदवार कब घोषित करेगी, तो उन्होंने इस सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बिना जवाब दिए वहां से चले गए।
एक दिन पहले ही भरा था नामांकन
गौरतलब है कि अभिषेक कुमार ने गुरुवार को ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन के बाद उन्होंने कहा था कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। उनके नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे।
चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प
बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी के अलावा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी नामांकन दाखिल कर चुकी हैं। वहीं जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं। इसके अलावा अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के भी मैदान में उतरने की संभावना है।
13 जुलाई तक होगा नामांकन
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई तक जारी रहेगी। अब तक इस सीट से कुल तीन उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। अभिषेक कुमार के चुनावी मैदान से हटने के बाद अब सभी की नजर बीजेपी के अगले उम्मीदवार की घोषणा पर टिकी हुई है।



