crimenewspatnarajniti

‘असली साजिशकर्ताओं को बचाया जा रहा’, ईओ हत्याकांड पर तेजस्वी का राज्य सरकार पर बड़ा हमला

पटना । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा प्रहार किया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी ने डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) की हत्या मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि इस जघन्य हत्याकांड में असली साजिशकर्ताओं को बचाने और मामले की लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है।नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने मृतक अधिकारी के स्वजन से मुलाकात कर सांत्वना दी है। अधिकारी की हत्या को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में अपराध बेलगाम हो चुका है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शासनकाल में अब तक दो सरकारी अधिकारियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। उन्होंने पुलिसिया जांच पर अविश्वास जताते हुए कहा कि पुलिस केवल चालक को गिरफ्तार कर जांच का दायरा सीमित कर रही है। चालक बार-बार अपना बयान बदल रहा है और हत्या में प्रयुक्त हथियार (रॉड) तक पुलिस अब तक बरामद नहीं कर सकी है।प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने एनडीए समर्थित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह पर भी गंभीर आरोप मढ़े।

उन्होंने कहा कि मृतक के स्वजन सीधे तौर पर विधायक की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और रंगदारी मांगे जाने की बात भी सामने आई है। राजद नेता ने मांग की है कि: पुलिस रंगदारी और विधायक की संलिप्तता वाले पहलू की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच करे। पीड़ित परिवार को अविलंब पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। परिवार की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए।बांकीपुर के नतीजे भाजपा के खिलाफ जनादेश तेजस्वी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणामों पर भी अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि यह जनादेश इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि जनता में भाजपा और राज्य सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। हालिया एमएलसी चुनाव और अब बांकीपुर के परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि सम्राट सरकार प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि राजद जनता के इस फैसले का पूरी तरह सम्मान करता है।

Related Articles

Back to top button