
मोकामा, बिहार: मोकामा में एक बार फिर गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच प्रतिनिधि (सरपंच पति) मुकेश सिंह पर अपराधियों द्वारा कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए, जबकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोकामा में सुबह हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति को गोली लगी थी, जो फिलहाल इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती है और जिंदगी-मौत से जूझ रहा है। इसी बीच शाम होते-होते एक और गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।
बताया जा रहा है कि पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच प्रतिनिधि मुकेश सिंह पर कथित रूप से सोनू-मोनू गैंग द्वारा फायरिंग की गई। आरोप है कि यह विवाद एक फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ। मुकेश सिंह ने कथित तौर पर पुलिस की प्रशंसा में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसको लेकर विवाद उत्पन्न हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब मुकेश सिंह गांव में पंचायत के सिलसिले में जा रहे थे, तभी सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने उनसे पोस्ट हटाने की बात कही। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटों को बुलाया, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक, मुकेश सिंह पर करीब तीन राउंड फायरिंग की गई, हालांकि वह इस हमले में सुरक्षित बच निकले। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही हाथीदह, मरांची, पंचमहला समेत कई थानों की पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपित सोनू-मोनू के घर पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, एसडीपीओ रामकृष्ण ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि कुख्यात सोनू, मोनू और उनके साथियों के खिलाफ कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।



