newspatnarajnitiबिहारराजनीति

बांकीपुर का रण: वोटिंग के दौरान बूथ पर भारी बवाल, जन सुराज और भाजपा ने एक-दूसरे पर जड़े फर्जी मतदान के गंभीर आरोप

पटना। राजधानी की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान गुरुवार को चुनावी सरगर्मी उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गई, जब किदवईपुरी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जन सुराज के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के दावों के बीच दोनों दलों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान (बोगस वोटिंग) कराने और मतदाताओं को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, किदवईपुरी स्थित बूथ संख्या 101, 102 और 103 पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा था। इसी दौरान भाजपा और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बाद में भारी पुलिस बल ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया और मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारू किया।उधर, पीएनटी कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर भी जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उनका सीधा आरोप था कि बूथ के अंदर कुछ लोग मौजूद हैं जो मतदाताओं पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे हैं।

जन सुराज के कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में प्रत्याशी बनाए गए भाजपा नेता अभिषेक कुमार बंटी अपने समर्थकों के साथ बूथों पर पहुंचकर दबंगई कर रहे हैं और जन सुराज के मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं।दूसरी ओर, भाजपा ने जन सुराज के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए प्रशांत किशोर (पीके) पर ही बड़ा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि जन सुराज की ओर से सुनियोजित तरीके से फर्जी वोट डाले जा रहे हैं।हाल ही में राजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए मृत्युंजय तिवारी ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रशांत किशोर फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने सभी पीठासीन अधिकारियों (प्रिसाइडिंग ऑफिसर) से आग्रह किया है कि वे सभी बूथों पर मतदाताओं के पहचान पत्रों का कड़ाई से सत्यापन करें। पार्टी ने दावा किया है कि फर्जी वोटर से माहौल बनाने का प्रयास कभी सफल नहीं होगा और बांकीपुर की जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है।

बांकीपुर का यह उपचुनाव केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर की राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर भाजपा की साख दांव पर है।नीरज कुमार सिन्हा (भारतीय जनता पार्टी)प्रशांत किशोर (जन सुराज) रेखा गुप्ता (राष्ट्रीय जनता दल)इन दिग्गजों के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 3 अगस्त पर टिक गई हैं, जिस दिन मतगणना होगी और बांकीपुर के नए विधायक के नाम का एलान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button