
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक बड़ा सियासी विवाद खड़ा हो गया है। जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने पुलिस प्रशासन पर उनके कई कार्यकर्ताओं को बिना किसी पूर्व सूचना या एफआईआर (FIR) के हिरासत में लेने का गंभीर आरोप लगाया है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की तलाश में जक्कनपुर थाने पहुंचे प्रशांत किशोर और थानाध्यक्ष (SHO) के बीच जमकर नोकझोंक हुई।प्रशांत किशोर ने पुलिस की इस कार्रवाई को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताया है। थाने में पुलिस अधिकारियों से बहस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जन सुराज के किसी नेता या कार्यकर्ता ने कोई कानून तोड़ा है, तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए, जिसका वे समर्थन करेंगे। लेकिन, बिना कोई जानकारी दिए और बिना किसी अपराध के उन्हें हिरासत में रखना सीधे तौर पर पुलिस की मनमानी है।

प्रशांत किशोर ने प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में एक विशेष पार्टी को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस दबाव में काम कर रही है। जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डिटेन कर दानापुर ले जाने का दावा करते हुए उन्होंने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है। प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि हिरासत में लिए गए उनके किसी भी कार्यकर्ता को कोई शारीरिक नुकसान पहुंचता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्ष और पुलिस प्रशासन की होगी।इस घटना के बाद जन सुराज के नेता पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं। प्रशांत किशोर ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस प्रशासनिक मनमानी के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात कर इस पूरी कार्रवाई का जवाब मांगेंगे और इसका कड़ा विरोध करेंगे।



