
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान के बीच सियासी पारा गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चिंता जताते हुए जन सुराज पार्टी पर फर्जी मतदान कराने की आशंका जाहिर की है। इसे लेकर भाजपा ने निर्वाचन पदाधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) को एक आधिकारिक पत्र लिखकर मतदान केंद्रों पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को और सख्त करने की मांग की है।भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक द्वारा यह पत्र भेजा गया है। पत्र में निर्वाचन आयोग से आग्रह किया गया है कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान की सख्ती से जांच सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने मांग की है कि मतदान की अनुमति देने से पहले प्रत्येक मतदाता से उसका मूल मतदाता पहचान पत्र (EPIC) अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कराया जाए और आधिकारिक मतदाता सूची से उसके नाम का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए।
भाजपा ने अपने पत्र में सीधा आरोप लगाया है कि जन सुराज से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से कथित तौर पर फर्जी (बोगस) मतदान कराने की कोशिश कर सकते हैं। पार्टी का कहना है कि ऐसी गतिविधियां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मूल भावना के सर्वथा विपरीत हैं। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से अपील की है कि वह सभी पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करे, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके।
ज्ञात हो कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। राजनीतिक दृष्टिकोण से यह उपचुनाव बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इस सीट पर त्रिकोणीय और कड़ा मुकाबला है। भाजपा ने जहां नीरज सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। दूसरी ओर, जन सुराज की ओर से स्वयं प्रशांत किशोर (पीके) ताल ठोक रहे हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस बहुचर्चित उपचुनाव की मतगणना आगामी 3 अगस्त को होगी, जिसके बाद परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।



