
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज अनुमंडल अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक पोखर में डूबने से एक महिला और उसके चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है। घटना की सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से महिला समेत चार शवों को पोखर से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि पांचवें शव की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है।प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में महिला के अलावा उनके दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। मृत महिला की पहचान बभनौली पंचायत के वार्ड संख्या-06 निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार की पांच चिताएं उठने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी, जिस दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। वहीं, कुछ लोग इसे पारिवारिक कलह से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस प्रशासन दोनों पहलुओं को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रहा है।घटना की भनक लगते ही अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने बरामद चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही एसडीआरएफ या स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता एक अन्य बच्चे की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और परिजनों के बयान के बाद ही चल सकेगा, इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक बयान का इंतजार करें।



