newsबिहारमौसम

बिहार में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, 14 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें दक्षिण बिहार के कई जिले शामिल हैं, जहां मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

14 जिलों में ऑरेंज, 5 में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गयाजी, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

पटना में उमस से लोग परेशान

राजधानी पटना में फिलहाल मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। सुबह धूप निकलने के बाद उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दोपहर में पटना के कुछ इलाकों में बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई।

शाम के समय आसमान में बिजली भी चमकी, हालांकि बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी से खास राहत नहीं मिली। पटना से सटे जिलों में भी मौसम का कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है।

14 और 15 अगस्त को भी खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त तक बिहार में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। 14 अगस्त को कई जिलों में दोहरा अलर्ट जारी किया गया है।

बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गयाजी, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

14 अगस्त को गयाजी, रोहतास और कैमूर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

15 अगस्त को भी बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

इस दौरान उत्तर, दक्षिण और मध्य बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मॉनसून की गतिविधि बढ़ने के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में बिहार में मॉनसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मॉनसून ट्रफ में बदलाव के साथ नमी वाली हवाओं के प्रभाव से बारिश का दौर बढ़ने की संभावना है।

हालांकि पूरे राज्य में बारिश का असर एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि कई जगहों पर कम बारिश देखने को मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button