
बिहार की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। जदयू नेता और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।निशांत कुमार ने घोषणा की है कि वे 3 मई से बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा शुरू करेंगे। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। इस दौरे में उनके साथ पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष भी संजय झा मौजूद रहेंगे।
बताया जा रहा है कि अपने दौरे के दौरान निशांत कुमार पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे। गौरतलब है कि जदयू में शामिल होते समय ही यह संकेत दे दिया गया था कि वे जल्द ही जमीनी स्तर पर सक्रिय होंगे।वहीं, आने वाले दिनों में खुद नीतीश कुमार भी पूरे बिहार का दौरा करने की तैयारी में हैं, जिससे पार्टी की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
जदयू विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित
इधर, जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए आभार प्रस्ताव पारित किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने उनके विकास कार्यों और सामाजिक प्रभाव का जिक्र करते हुए प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नीतीश कुमार ने लगातार राज्य और जनता के हित में काम किया है।
ललन सिंह का विपक्ष पर हमला
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के पास पूरा बहुमत है और फ्लोर टेस्ट के दौरान सरकार अपनी ताकत साबित करेगी।
साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के पास केवल आरोप लगाने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है।



