
बिहटा स्थित आईआईटी पटना ने वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वैश्विक रोजगार बाजार में चुनौतियों के बावजूद संस्थान के 687 से अधिक छात्रों को अब तक विभिन्न कंपनियों से जॉब ऑफर मिल चुके हैं। इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों के बीच आईआईटी पटना के छात्रों की मांग लगातार बढ़ रही है।
230 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा
इस वर्ष के कैंपस प्लेसमेंट में 230 से ज्यादा कंपनियों ने भाग लिया। इनमें कई ऐसी कंपनियां भी शामिल थी जो पहली बार आईआईटी पटना में आई थी । आईटी, कोर इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंस और रिसर्च जैसे विभिन्न क्षेत्रों में छात्रों को रोजगार के अवसर मिले।
BTech छात्रों के पैकेज में बड़ी छलांग
इस बार बीटेक और बीएस कार्यक्रमों के छात्रों के वेतन पैकेज में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। मीडियन पैकेज 13 लाख रुपये से बढ़कर 18 लाख रुपये प्रतिवर्ष हो गया, जो लगभग 38.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं औसत वार्षिक पैकेज 19.80 लाख रुपये से बढ़कर 23.17 लाख रुपये पहुंच गया, यानी करीब 17 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
PPO ऑफर में भी हुआ इजाफा
प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) के मामले में भी संस्थान ने बेहतर प्रदर्शन किया। पिछले वर्ष जहां 94 छात्रों को पीपीओ मिला था, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर 122 हो गई। यह लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है और उद्योग जगत में छात्रों की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत देता है।
दिग्गज कंपनियों ने की भर्ती
इस प्लेसमेंट सीजन में Google, Adobe, Amazon, DE Shaw, Samsung, Sprinklr, Reliance Industries, HCLTech, Mahindra & Mahindra, Tata RNI और Tata Motors जैसी अग्रणी कंपनियों ने छात्रों को नियुक्त किया।
इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां GAIL, Engineers India Limited (EIL), HPCL, BPCL, BEL, Tata Advanced Systems, L&T, C-DOT और C-DAC भी कैंपस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा रहीं।
PG छात्रों का भी शानदार प्रदर्शन
स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में भी प्लेसमेंट का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। एमटेक के 80.35 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हुआ और उनका औसत पैकेज 15.06 लाख रुपये प्रतिवर्ष दर्ज किया गया।
वहीं Mathematics and Computing, VLSI and Embedded Systems तथा Materials Science and Engineering जैसे पाठ्यक्रमों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ। इसके साथ ही एमएससी (भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित) के छात्रों को लगातार दूसरे वर्ष शत-प्रतिशत प्लेसमेंट प्राप्त हुआ।
संस्थान की प्रतिष्ठा हुई और मजबूत
ऑल आईआईटी प्लेसमेंट कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस वर्ष अधिकतम वेतन पैकेज का खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि संस्थान ने स्पष्ट किया कि प्लेसमेंट से जुड़े लगभग सभी प्रमुख मानकों में इस बार उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
आईआईटी पटना का यह प्रदर्शन न केवल संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है, बल्कि यह बिहार के लिए भी गर्व का विषय है। उद्योग जगत में यहां के छात्रों की बढ़ती मांग भविष्य में संस्थान को और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकेत दे रही है।



