newsदिल्लीदेश

जश्न नहीं, सम्मान था! वायरल वीडियो पर CJP ने दी सफाई

आंदोलन के बाद वायरल हुए जश्न के वीडियो को लेकर उठे विवाद पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना पक्ष रखा है। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सोशल मीडिया पर कार्यक्रम को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनके अनुसार यह किसी 5 स्टार होटल में आयोजित पार्टी नहीं थी, बल्कि आंदोलन में लगातार 37 दिनों तक योगदान देने वाले वॉलंटियर्स के सम्मान और उनसे सुझाव लेने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम था।

सौरव दास ने बताया कि जिस स्थान को सोशल मीडिया पर 5 स्टार होटल बताया जा रहा है, वह साधारण स्तर का कार्यक्रम स्थल था। उन्होंने कहा कि पूरा आयोजन बेसमेंट हॉल में हुआ था और इसे लग्जरी सेलिब्रेशन बताना तथ्यों से परे है।

उन्होंने जानकारी दी कि कार्यक्रम में करीब 150 से 200 वॉलंटियर्स ने हिस्सा लिया था। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी जो दूसरे राज्यों से आकर आंदोलन में शामिल हुए थे और लगातार 37 दिनों तक सक्रिय रहे। चूंकि कई वॉलंटियर्स कार्यक्रम के बाद अपने-अपने घर लौटने वाले थे, इसलिए उनके योगदान के लिए सम्मान समारोह रखा गया। साथ ही आंदोलन के अनुभव और भविष्य की रणनीति को लेकर उनसे विस्तृत फीडबैक भी लिया गया। सौरव दास का कहना है कि सोशल मीडिया पर केवल डांस और जश्न के कुछ वीडियो वायरल हुए, जबकि पूरे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सम्मान और समीक्षा बैठक था।

इस दौरान सौरव दास ने बिहार के सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित AK-47 फायरिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल पुलिसकर्मी को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

उन्होंने संसद में पेश शिक्षा सुधार विधेयक का भी जिक्र करते हुए कहा कि चर्चा केवल कानून तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके मुताबिक, नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई जैसे गंभीर विषयों पर भी संसद में विस्तार से बहस होनी चाहिए, ताकि छात्रों और युवाओं को यह भरोसा मिले कि उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना और समझा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button